Lucknow Dowry Case: राजधानी लखनऊ के थाना सआदतगंज क्षेत्र के झव्वारन काला फाटक इलाके में शनिवार को एक 22 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि कम दहेज और 'स्कॉर्पियो कार' की मांग पूरी न होने पर की गई बेरहम हत्या है, जिसे अब सुसाइड का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
घर पर मचा कोहराम
क्या है पूरा मामला
मूल रूप से कानपुर के टीपी नगर (बगाही) निवासी सुनील कुमार वर्मा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी भतीजी की शादी 9 दिसंबर 2024 को सआदतगंज के सागर राजपूत से बड़े ही धूमधाम और अरमानों के साथ की थी। मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के मुताबिक शादी में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। तिलक, घरेलू सामान और करीब 7 लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। शादी के कुछ समय बाद महिला ने एक सुंदर बच्चे को जन्म दिया, जो अब महज 8 महीने का है। लेकिन ससुराल वालों का लालच इस सब के बाद भी शांत नहीं हुआ।
'स्कॉर्पियो' के लिए तड़पाते थे ससुराल वाले, फोन पर रोती थी बेटी
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे। पति सागर राजपूत कथित तौर पर एक 'स्कॉर्पियो कार' की मांग को लेकर अड़ गया था और आए दिन महिला पर मानसिक व शारीरिक दबाव बनाता था। इस प्रताड़ना में केवल पति ही नहीं, बल्कि ससुर राजेश, ननदोई अनु, ननद बरखा और चांदनी और बुआ सास आशा भी बराबर की भागीदार थीं। मृतका ने कई बार फोन कर रोते हुए अपने मायके वालों को इस जुल्म की दास्तान सुनाई थी। परिजनों ने कई बार लखनऊ आकर दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव और समझौता कराने की कोशिश की, यह सोचकर कि वक्त के साथ सब ठीक हो जाएगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि अंजाम इतना खौफनाक होगा।
रिश्तेदारों से मिली मौत की खबर, मायके वालों का हत्या का आरोप
शनिवार को मृतका के परिजनों को किसी रिश्तेदार के जरिए सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। बदहवास हालत में लखनऊ पहुंचे मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका साफ कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले उनकी बेटी को जान से मारा और फिर फंदे पर लटका दिया। इस पूरी प्रताड़ना और लालच की लड़ाई में सबसे बड़ा नुकसान उस 8 महीने के दूधमुंहे बच्चे का हुआ है, जिसकी पूरी दुनिया उसकी मां के इर्द-गिर्द सिमटी थी। मां की मौत के बाद से ही घर में चीख-पुकार मची है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सआदतगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष आर्या ने बताया कि पीड़ित मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पति सागर समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ होगी, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
