लखनऊ

गोरखपुर में Bird Flu का खौफ, मृत बाघिन में संक्रमण की पुष्टि, एक हफ्ते के लिए बंद चिड़ियाघर

पूरा यूपी बर्ड फ्लू के कारण हाई अलर्ट पर है। ऐसे में गोरखपुर में एक बाघिन की मौत बर्ड फ्लू के कारण होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद चिड़ियाघर को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, लोगों के चिड़ियाघर अब 21 मई को खुलेगा।

Image

गोरखपुर में बर्ड फ्लू का खौफ

Photo : iStock

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के बर्ड फ्लू का डर बढ़ता जा रहा है। सीएम योगी ने प्रदेश को हाई अलर्ट पर कर दिया है। सीएम ने संक्रमण को रोकने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की गाइडलाइनों के अनुरूप सभी आवश्यक कदम तत्परता से उठाए जा रहे हैं। इस बीच गोरखपुर में एक मृत बाघिन में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई, जिसके बाद चिड़ियाघर को एहतियातन एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है।

बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद चिड़ियाघर बंद

प्राणी उद्यान के निदेशक विकास यादव ने मुख्य वन संरक्षक के निर्देशों के तहत मंगलवार को चिड़ियाघर को बंद करने का आदेश जारी किया। चिड़ियाघर अब 21 मई को जनता के लिए फिर से खुलेगा। चिड़ियाघर के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछली सात मई को शक्ति नाम की बाघिन की मौत हो गई थी। उसके विसरा के नमूने भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान भेजे गए। जांच में बर्ड फ्लू को मौत का कारण बताया गया है।

हाई अलर्ट पर चिड़ियाघर के अधिकारी

चिड़ियाघर के एक अधिकारी ने बताया कि तब से चिड़ियाघर के अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं और उन्हें डर है कि वायरस अन्य जानवरों में भी फैल सकता है। चिड़ियाघर में अब तक चार जानवरों की मौत की सूचना मिली है। इनमें एक बाघ, एक बाघिन, एक तेंदुआ और एक मादा भेड़िया शामिल है। अधिकारी ने बताया कि चार साल पहले कानपुर से लाई गई मादा तेंदुआ मोना की पिछले बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। इससे पहले बुधवार सुबह बाघिन शक्ति की और शनिवार को मादा भेड़िया भैरवी की भी मौत हो गई।

बर्ड फ्लू के कारण हुई बाघिन की मौत

अधिकारी ने बताया कि 30 मार्च को केसरी नामक बाघ की भी ऐसी ही परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शक्ति और भैरवी दोनों में एक जैसे लक्षण दिखे थे। शक्ति की रिपोर्ट में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। भैरवी के नमूना जांच के नतीजे का इंतजार है। इस बीच, पटौदी नामक एक बीमार बाघ को हाल ही में कानपुर चिड़ियाघर में स्थानांतरित किया गया था जिससे वहां वायरस के संभावित प्रसार को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को एच5एन1 एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) के संभावित खतरे को गंभीरता से लेते हुए राज्य के सभी चिड़ियाघरों में अधिकतम सतर्कता लागू करने का निर्देश दिया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, आदित्यनाथ ने कहा कि चिड़ियाघरों, पक्षी विहारों, राष्ट्रीय उद्यानों, आर्द्रभूमि क्षेत्रों और गौशालाओं में संरक्षित जानवरों और पक्षियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article