CM Yogi On Operation Sindoor: पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के लिए तीनों सेनाओं के प्रमुखों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। सीएम ने कहा कि पहलगाम हमले में जिन आतंकियों ने हमारी बहनों और माताओं से उनके जीवनसाथी छीने, अब वे खुद अपने परिवार खो चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर उन बहनो-बेटियों के प्रति प्रधानमंत्री मोदी और देश की सेना की एक संवेदना है। उन्होंने कहा कि जिन बहनों-माताओं ने पहलगाम आतंकी हमले में अपने पतियों को खो दिया। जिन आतंकियों ने उनके पतियों को मारने का दुस्साहस किया, उन्होंने अब मिसाइल हमलों में अपना पूरा परिवार खो दिया है। उन्होंने कहा कि दुश्मन की कायराना हरकतों का जवाब ये नया भारत इसी मजबूती के साथ देगा। पीएम मोदी ने यह पहले ही देशवासियों को आश्वासन दिया था। ऑपरेशन सिंदूर में नए भारत ने एक बार फिर से यह साबित भी किया है।
लखनऊ में सीएम की मौजूदगी में हुई मॉक ड्रिल
केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश पर बुधवार को देशभर में मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में मॉक ड्रिल हुई। लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मॉक ड्रिल शुरू किया गया। सीएम योगी लगातार इसपर नजर बनाए हुए थे।
