UP Weather Today: मार्च महीने की शुरुआत हो गई है और यूपी का मौसम सुहावना बना हुआ है। गुरुवार से शनिवार तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक बनी हुई है। सुबह और देर रात को ठंड में इजाफा देखा जा रहा है। आज भी यूपी के कई जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। माना जा रहा है कि इन जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की ताजा जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसका सबसे अधिक प्रभाव उत्तर और पश्चिमी भारत पर देखने को मिलेगा। इसका अर्थ यह है कि यूपी में आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट देखी जाएगी। बताया जा रहा है कि आगामी 4 से 5 दिनों में यूपी के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
यूपी के इन जिलों में जारी येलो अलर्ट
यूपी के रामपुर, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, बरेली, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र जिले में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इन जिलों में आज तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने के आसार भी जताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, 2 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जो उत्तर भारत के साथ पश्चिमी भारत को भी प्रभावित करेगा। इसका असर यूपी के दोनों हिस्सों पर देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि आने वाले 4 से 5 दिनों में यूपी का न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। आने वाले दिनों में भी यूपी का मौसम शुष्क बना रहेगा। बताया जा रहा है कि 3 मार्च से 7 मार्च तक प्रदेश का मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान मौसम विभाग ने प्रदेश में किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
