UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। यहां मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। कभी तेज धूप हो रही है तो कभी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। सुबह-रात को ठंड महसूस हो रही है तो वहीं दिन में तेज खिली धूप से गर्मी का एहसास हो रहा है। इस बीच पहाड़ी इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में यूपी का मौसम प्रभावित होने वाला है। बता दें कि यूपी के कई जिलों में सर्द हवाएं बहने लगी है, जिससे गर्मी में कमी आने की संभावना है। विदाई की ओर बढ़ रही सर्दियां जाते हुए एक बार फिर यूपी में लोगों को ठंडक का एहसास देते हुए जा रही हैं। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा यूपी में आज मौसम का हाल और आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम -
यूपी में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम आज साफ रहने वाला है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी, दोनों हिस्सों में आज किसी भी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सुबह और देर रात में कहीं-कहीं छिछला कोहरा छाया रहेगा। लेकिन इस बीच यूपी में सर्द हवाएं चल रही हैं, जिसका असर तापमान में हो रहा है। इन हवाओं के कारण आने वाले दो दिनों तक मौसम में बढ़ रही गर्मी पर रोक लगने के आसार हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को प्रदेश में 5.9 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चली। इस दौरान तेज धूप खिली हुई थी, लेकिन उसका तापमान पर अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिला। दो दिन से प्रदेश के तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। साथ ही कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
इस दिन से होगी यूपी में बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यूपी में 27 फरवरी से मौसम में बड़ा बदलाव देखा जाएगा। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। बताया जा रहा है कि कहीं बूंदाबांदी होगी तो कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। 28 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं छिछला कोहरा भी छाया रहेगा। बारिश और हवाओं से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को एक बार फिर ठंडक का एहसास होगा।
