UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में सर्दियों की शुरुआत हो गई है। यहां तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री के बीच बना हुआ है। रात के समय कंपकंपा देने वाली ठंड से बचने के लिए लोगों ने रजाई, कंबल और गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। ठंड के साथ यूपी के करीब 21 जिलों में मौसम विभाग ने घने कोहरे के छाए रहने का अलर्ट भी जारी किया है। आइए अब आपको बताएं उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल -
यूपी में कैसा रहेगा मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में अचानक बदलाव आ गया है। यहां ठंड की शुरुआत हो गई है। दिन के समय धूप खिली रहने के कारण ठंड का असर कम महसूस होता है, लेकिन रात में कंपकंपा देने वाली ठंड होती है। इस दौरान तापमान में गिरावट होती है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में इससे भी अधिक ठंड पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
यूपी के इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, गाजीपुर, बलिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, लखीमपुर खिरी, श्रावस्ती, बहराइच, मऊ, आजमगढ़, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, गोंडा, सुल्तानपुर, बस्ती, अंबेडकरनगर और संत कबीर नगर जिला शामिल है।
प्रमुख शहरों का तापमान
गुरुवार को मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर शहर का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं सबसे कम तापमान 9.6 डिग्री मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया। इसके अलावा फुरसतगंज का 10.2 डिग्री, मेरठ का 10 डिग्री, अयोध्या का 10.5 डिग्री, इटावा का 11 डिग्री, बरेली 11.2 डिग्री, सुल्तानपुर 11.3 डिग्री, बाराबंकी 11.5 डिग्री, नजीबाबाद 11.5 डिग्री और शाहजहांपुर 11.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। इस जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 26 के बीच बना हुआ है।
