UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। यहां खिल रही चिलचिलाती धूप से लोग परेशान होने लगे हैं। दोपहर के समय बाहर जाने पर गर्मी और धूप के कारण लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। अप्रैल महीने के शुरुआत भीषण गर्मी के साथ होने जा रही है। प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी ऐसा ही रहने वाला है। बीते दिनों से ही यूपी के कई जिलों का अधिकतम तापमान 40 के पार दर्ज किया जा रहा है। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 दर्ज किया जा रहा है। 40 डिग्री के पार गए तापमान के कारण लू की स्थिति बनी हुई है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
यूपी में गर्मी का सितम
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल बेहाल कर देने वाला बना हुआ है। यहां तेज धूप खिली हुई है। दोपहर के समय धूप की चुभन लोगों के लिए झेलनी मुश्किल हो गई है। तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते तापमान के साथ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज यूपी का मौसम शुष्क बना रहेगा। बीते दिनों तेज हवाओं के कारण प्रदेश में गर्मी का असर कम महसूस हो रहा था। लेकिन हवाओं का दौर कम होने के बाद बीते 3 दिनों में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में तेजी से इजाफा देखने को मिलेगा। अप्रैल के महीने में मई जैसी गर्मी पड़ने के आसार हैं।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले 5 दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान पूरे प्रदेश में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पूरा का पूरा यूपी ग्रीन जोन में बना हुआ है। गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में यूपी के अधिकतर जिलों में तापमान 40 के पार पहुंच जाएगा। अप्रैल के अंतिम दो सप्ताह के दौरान लू चलने की संभावना भी जताई जा रही है। बढ़ती गर्मी और तापमान को देखते हुए लोगों ने कूलर और एसी की सफाई शुरू कर दी है और घर को ठंडा रखते हुए गर्मी से निपटने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
