UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। यहां तेजी से तापमान बढ़ रहा है। यूपी के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 के पार दर्ज किया जा रहा है। दिन तो दिन यहां रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने लू की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बढ़ती गर्मी में लोग पंखों के साथ कूलर और एसी चलाने लगे हैं। यहां दिन ब दिन गर्मी को बर्दाश्त करना मुश्किल होता जा रहा है। अप्रैल के महीने में मई-जून वाली गर्मी देखने को मिल रही है। यहां स्थिति को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा की आगामी दिनों में यूपी आग की भट्टी से कम नहीं होगा। यहां आसमान से आग बरसेगी और गर्म हवाओं के बीच लोगों को जलते हुए देखा जाएगा। जहां एक तरफ यूपी के कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है वहीं दूसरी तरफ कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां बारिश होने की संभावना जताई गई थी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा मौसम का हाल -
यूपी में हीटवेव का अलर्ट जारी
यूपी में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यूपी के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आज बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, कन्नौज, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के जिलों में तापमान 40 से 50 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ और हाथरस में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दिन बारिश की संभावना
लू के अलर्ट के बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में 8 अप्रैल को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार से सेट यूपी के जिलों में बारिश की बौछार हो सकती है। बताया जा रहा है कि इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। कुछ समय की राहत के बाद तापमान और तेजी से बढ़ेगा।
