UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम की अजब-गजब चाल देखने को मिल रही है। कहीं तापमान तेजी से बढ़ रहा है तो वहीं कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है। यूपी के कई जिले हैं, जहां तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। आगामी दिनों में इन शहरों का तापमान 3 से 4 डिग्री और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यूपी में हीटवेव की स्थिति बनती नजर आ रही है। यहां न केवल अधिकतम तापमान में उछाल देखा जा रहा है, बल्कि न्यूनतम तापमान में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
यूपी में आज का मौसम
उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में आज कहीं-कहीं हवाओं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी संभाग के 5 जिलों को छोड़कर अन्य जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। यहां किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पश्चिमी संभाग में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और 5 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसे अलावा अन्य जिलों में तेज धूप खिली रहेगी और मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में वृद्धि का दौर अब जारी रहेगा। गर्मी से बचने के लिए और घरों का ठंडा रखने के लिए लोग एसी-कूलर चलाने लगे हैं।
यूपी में हीटवेव की शुरुआत
उत्तर प्रदेश के पांच जिलों से आज हीटवेव की शुरुआत हो गई है। अब आने वाले दिनों में भी कई जिलों में हीटवेव का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 6 अप्रैल को गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 अप्रैल को गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद और आगरा यानी कुल 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। 8 अप्रैल को गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, हापुड़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में कब होगी बारिश
8 अप्रैल तक मौसम विभाग ने यूपी के विभिन्न जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बढ़ती गर्मी से राहत देने के लिए यूपी में 8 अप्रैल से बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश से लोगों कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 8, 9 और 10 अप्रैल को बारिश होने का अनुमान है।
