UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आए हैं। यहां धीरे-धीरे लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। बीते कई दिनों से तापमान में हो रही वृद्धि के कारण ठंड का अहसास कम होने लगा है। दिन तो दिन अब रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। रात के समय भी ठंड कम महसूस की जा रही है। यूपी में जनवरी के महीने में मार्च जैसे गर्मी की शुरुआत हो गई है। लेकिन ये ज्यादा दिन तक नहीं रहेगा। क्योंकि यूपी में ठंड एक बार फिर यू-टर्न लेने वाला है। यूपी में आने वाले दिनों में एक बार फिर ठंड में इजाफा होगा और हांड कंपा देने वाली सर्दियों की शुरुआत होगी। इस बीच यूपी में कोहरे का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 45 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट तो 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में भी यूपी के लोगों को कोहरे से राहत मिलने के आसार कम है। आइए अब आपको बताएं यूपी में मौसम का हाल -
यूपी में कोहरे का अलर्ट
यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, महामायानगर, कांशीराम नगर, फर्रुखाबाद, एटा, बदायूं , शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, संभल, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, अमेठी, रायबरेली, अंबेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र और प्रतापगढ़ में मौसम विभाग ने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और चंदौली में लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा शेष बचे जिलों में धुंध की हल्की परत देखने को मिल सकती है।
आगामी दिनों में तापमान में आएगी कमी
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो दिन में यूपी के तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश के तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आ सकती है। यानी की सोमवार से यूपी में फिर ठंड की शुरुआत होगी। ठंड से मिली राहत के बाद अब यूपी एक बार फिर कड़ाके की ठंड का कहर झेलने को तैयार है।
