UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। बारिश से यहां का मौसम सुहावना बना हुआ है। भारी बारिश के चलते यूपी के कई हिस्सों में स्कूलों को बंद किया गया है। यूपी में कहीं लोगों को बारिश से राहत मिल रही है तो कहीं बारिश उनके लिए आफत बन रही है। कई क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 8 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 20 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज प्रदेश में मौसम का हाल -
यूपी के इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने आज यूपी के 8 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मथुरा, महामायानगर और फिरोजाबाद में गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश होगी। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
यूपी के इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शामली, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, संभल, ज्योतिबाफुले नगर, मुरादाबाद, काशीराम नगर, एटा, इवाटा, कानपुर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया और जालौन में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, हरदोई, बदायूं, बरेली और रामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान शहर में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार जताते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश से 9 लोगों की मौत
यूपी में चक्रवाती परिस्थितियों के कारण ब्रज मंडल में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने अपना कहर बरपाया। यहां बारिश से होने वाले हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के कारण अब सोन और कर्मनाशा नदियां उफान पर हैं। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली के 7 बांधों में बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। यहां से लगातार भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। यूपी में मौसम की मार किसानों पर भारी पड़ रही है। धान, बाजरा और मिर्च की फसलों को भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते काफी नुकसान हुआ है।
