UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल बदलने लगी है। यहां फिर एक बार ठंडक का एहसास होने लगा है। मानों विदाई की ओर आगे बढ़ रही सर्दियों वापस लौट रही हैं। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी का असर यूपी के कई जिलों पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ कहीं-कहीं बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। यूपी के कई जिलों में मार्च महीने की शुरुआत बारिश के साथ हुई है। इससे तापमान में गिरावट होने की संभावना भी जताई जा रही है। तापमान गिरने से लोगों को ठंडक का एहसास होगा। बता दें कि सुबह और देर रात यूपी में ठंड का सिलसिला अभी भी जारी है।
यूपी में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी यूपी में जोरदार बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है। कहा जा रहा है कि ओले गिरने से यहां ठंड और बढ़ जाएगी। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल -
यूपी के इन जिलों में जारी ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, ज्योतिबाफुले, रामपुर और मुरादाबाद में आंधी-तूफान, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया इन जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश से शहर के तापमान में वृद्धि होगी और ठंड बढ़ेगी।
यूपी के इन जिलों में येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, महामाया नगर, मैनपुरी, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, कांशीराम नगर, बदायूं, शाहजहांपुर, संभल, बरेली, हरदोई, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश या बारिश की बौछार होने की संभावना जताई जा रही है। तेज हवाओं और बारिश से इन जिलों के तापमान पर असर देखने को मिलेगा।
