UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-Apr-2025: मौसम में हुए बदलाव से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल तेज गर्मी से राहत बनी हुई है। खासतौर पर पूर्वी और तराई वाले इलाकों में तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने लू से निजात दिलाई है। यहां बूंदाबांदी के बाद सुबह-शाम ठंडी हवा के कारण मौसम सुहावना हो गया है। जिससे तापमान में भी 3 से 5 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी गर्मी का सितम बरकरार है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
यूपी में आज मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान दोनों हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात के साथ धूल भरी आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में कल यानी गुरुवार को भी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही वज्रपात और आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
यूपी के इन जिलों में आज अलर्ट जारी
बुधवार को यूपी के वाराणसी, गाजीपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, चंदौली, आजमगढ़, बस्ती, कुशीनगर,बिजनौर, मुरादाबाद, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के इलाकों में बिजली गिरने और बादल गरजने की संभावना है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं या धूल भरी आंधी चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
2 मई को एक्टिव होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
आईएमडी के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहा है। जिसका प्रभाव यूपी में भी देखने को मिलेगा। जिसके चलते 2 से 5 मई तक यूपी के दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया गया है। साथ ही मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हीटवेव से राहत बनी रहने की भी संभावना जताई गई है।
