लखनऊ

यूपी में आज 20 जिलों में लू की तपिश, कल से मौसम लेगा यू-टर्न; तेज हवाओं संग बारिश दिलाएगी भीषण गर्मी से राहत

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-Apr-2025 लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बरेली में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: यूपी में आज भी हीटवेव और चिलचिलाती धूप परेशान करने वाली है। 20 जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कल से यूपी के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। जिसके चलते अगले 5 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26-Apr-2025: उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। साथ ही तापमान में भी लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में 45 डिग्री के करीब पारा पहुंच गया। मौसम विभाग ने कानपुर में 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया। हालांकि आने वाले दिनों में यूपी में मौसम करवट बदलने वाला है। आईएमडी ने 5 दिनों के लिए प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। बारिश के चलते यूपी में कुछ दिनों के लिए गर्मी से हल्की राहत मिल सकती है। जिसके बाद फिर से गर्मी के तेवर बढ़ जाएंगे।

यूपी में आज इन जिलों में लू की चेतावनी

यूपी में आज भी पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 20 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, झांसी, ललितपुर, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस में लू चलने की संभावना है। रविवार से यूपी में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। जिससे कुछ दिनों के लिए प्रदेश में गर्म हवाओं के थपेड़ों और चिलचिलाती धूप व गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। साथ ही तापमान में भी गिरावट हो सकती है।

कल से बदलेगा यूपी का मौसम

आईएमडी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ आज सक्रिय होने के आसार हैं। जिसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।पूर्वी यूपी में 27 अप्रैल से 1 मई तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बादल गरजने, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी यूपी में 29 अप्रैल से 1 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही तेज झोंकेदार हवाएं भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चल सकती हैं।

यूपी के ये जिले रहे सबसे गर्म

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सबसे गर्म जिले कानपुर, प्रयागराज, झांसी, आगरा और हमीरपुर रहे। कानपुर आईएएफ में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, प्रयागराज में 43.6 डिग्री, आगरा में 43.4 डिग्री, झांसी में 43.3 डिग्री और हमीरपुर में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस दौरान लखनऊ में भी 40 डिग्री के ऊपर अधिकतम तापमान रहा। यहां का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article