UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-May-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज बदले हुए हैं। कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां लू का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 40-42 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। यूपी के अजब-गजब मौसम में लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। दिन में उमस वाली गर्मी और रात में तेज हवाएं चल रही हैं। दिन में गर्मी झेलने के बाद लोगों को रात में गर्मी से राहत मिल रही है। बताया जा रहा है कि आगामी दिनों में भी यूपी का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 25 मई तक प्रदेश में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
यूपी में आज का मौसम
बता दें कि बुधवार बीती रात प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई थी। बारिश और तेज ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया था। भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। रात हुई बारिश से सुबह का मौसम भी सुहावना बना हुआ है। धूप निकलने के साथ ही उमस वाली गर्मी की शुरुआत होगी। दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी और शाम होते ही फिर एक बार मौसम बदलेगा और तेज हवाओं का दौर शुरू होगा।
यूपी के इन जिलों में बारिश येलो अलर्ट
यूपी के सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती और महाराजगंज में आज मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के अधिकांश जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, अयोध्या, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, रायबरेली, अमेठी, सोनभद्र, जौनपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, बलिया, मऊ, बस्ती और सुल्तानपुर शामिल है। यहां आज 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही मौसम विभाग ने यहां हवाओं के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना जताई है। हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी में आंधी-तूफान के साथ कुछ जिलों में लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। इन जिलों में झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है।
