UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई के ओर आगे बढ़ रहा है। लेकिन वापसी से पहले प्रदेश में झूमकर बरस भी रहा है। इस दौरान कई इलाकों में लौटता हुआ मानसून आफत बनकर बरस रहा है तो वही कई स्थानों पर बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया है। नवरात्रि की शुरुआत तक यानी 22 सितंबर तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई जा रही है। बीते दिन भी यूपी के अधिकांश जिलों में जोरदार बारिश दर्ज की गई थी, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ था। इस दौरान उमस भरी गर्मी का सामना कर रहे यूपी के लोगों को राहत मिल रही है और आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की जाएगी। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज यूपी में मौसम का हाल।
यूपी का मौसम (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
इन जिलों में सुबह-सुबह बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, अयोध्या अंबेडकर, कुशीनगर, देवरिया, मऊ, बलिया और सोनभद्र में सुबह 8.30 बजे तक बारिश की संभावना है। यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। हल्की बारिश के साथ हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहेगा।
यूपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों ही हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है तो वहीं कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आज बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, रायबरेली, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, कानपुर, उन्नाव, सहारनपुर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और मुरादाबाद में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आगामी दिनों में मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो 20 और 21 सितंबर को भी मौसम सुहावना बना रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। 22 से 23 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश की बौछार पड़ने की संभावना जताई गई है। मानसून की विदाई के बाद उत्तर प्रदेश में गर्मी की शुरुआत होगी, लेकिन कुछ दिन की गर्मी के बाद एक बार फिर मौसम बदलेगा। क्योंकि उसके बाद सर्दियां आ जाएंगी। ।
