UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 19-May-2025: उत्तर प्रदेश में मौसम की चाल फिर बदलने लगी है। बीते दिनों प्रदेश के कुछ जिलों में आग बरस रही थी, तो वहीं कुछ जिलों में बूंदाबांदी के बाद उमस वाली गर्मी का एहसास होने लगा था। लेकिन यूपी के मौसम ने एक बार फिर करवट ली। अब प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम सुहावना बना रहेगा। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि यूपी का मौसम 24 मई तक सुहावना बना रहेगा। 24 मई के बाद फिर मौसम में बदलाव होंगे और तापमान में वृद्धि देखी जाएगी। तापमान बढ़ने के साथ गर्मी से मिली राहत का सिलसिला खत्म होगा और यूपी के लोगों को एक बार फिर जला देने वाली धूप और भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश में आज मौसम का हाल
मौसम विभाग ने आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ जिलों में बारिश भी दर्ज की जाएगी। रविवार को सुबह भीषण गर्मी झेलने के बाद रात में चली तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो गया और गर्मी से भी राहत मिली है। सुबह ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम में गर्माहट कम महसूस हो रही है। हल्की धूप खिली हुई है, लेकिन दोपहर तक धूप अपने तेवर दिखा सकती है।
उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में येलो अलर्ट
आईएमडी लखनऊ ने आज उत्तर प्रदेश के 36 जिलों में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, संभल, बदायूं, ज्योतिबाफुले, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा बलरामपुर, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बस्ती में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। तेज हवाओं के साथ इन जिलों में आज हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की भी संभावना है।
इसके अलावा यूपी के अन्य जिलों में भी तेज हवाएं चलेंगी। यहां भी हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर रह सकती है, लेकिन बारिश होने की संभावना कम है। मौसम विभाग द्वारा रिपोर्ट के अनुसार, आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों इलाकों में तेज झोकेदार हवाएं चलेंगी।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
यूपी में आगामी दिनों में भी मौसम ऐसा ही सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 19 मई से 24 मई तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश हो सकती है। बारिश और हवाओं से मौसम सुहावना और ठंडा बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। इस समय के दौरान प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। बीते दिनों 40-42 डिग्री के पार गया यूपी का तापमान अब 40 से नीचे दर्ज किया जाएगा।
