UP Weather Forecast: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट ले रहा है। मंगलवार से बुधवार तक हुई हल्की से मध्यम बारिश से तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं, बारिश से किसानों को राहत से ज्यादा नुकसान की चिंता सताने लगी है। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश होने से तिलहन की पकी फसलें बर्बाद हो गईं तो कहीं गेंहू की फसल भी हवा के झोंको से गिर गई। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को राजधानी लखनऊ, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, रायबरेली, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, गोंडा समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। लेकिन, बादल छटने और सूरज की तपित से गर्मी का भी असर देखने को मिलने लगेगा।
बारिश का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों ने पश्चिमी यूपी में मौसम के करवट लेने की आशंका जाहिर की है। हल्की बूंदाबांदी और मौसम शुष्क रहने का आसार जताया है। बताया गया है कि दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी और रात में आसमान साफ होने से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
बुधवार की शाम महोबा-आगरा जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। महोबकंठ क्षेत्र के करीब दस गांवों के किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गईं। वहीं, बारिश से दलहन की फसल चना और मटर के पौध भी प्रभावित हुए हैं, जिससे किसान खासा परेशान हैं। इतना ही नहीं अब प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर व आसपास इलाकों में ओले गिरने के आसार जताए जा रहे हैं। उधर, बारिश की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बलिया, गोरखपुर में न्यूनतम पारा कम दर्ज हुआ।
