लखनऊ

सारस से दोस्ती करने वाले आरिफ को वन विभाग का नोटिस, केस भी दर्ज

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 26, 2023, 01:17 PM IST

वन विभाग ने सारस को अपने कब्जे में लेकर उसे कानपुर के चिड़ियाघर में भेज दिया है। दूसरी तरफ आरिफ पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Image

सारस के दोस्त आरिफ को वन विभाग का नोटिस जारी (क्रेडिट- @yadavakhilesh)

Photo : Twitter

अमेठी: अमेठी जिले के जामो क्षेत्र के मंडखा गांव में सारस पक्षी से दोस्ती को लेकर चर्चा में आये आरिफ की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। वन विभाग ने उसे नोटिस जारी कर आगामी चार अप्रैल को तलब किया है।

गौरीगंज के सहायक वन अधिकारी रणवीर सिंह की तरफ से आरिफ को शनिवार को भेजे गए नोटिस के मुताबिक, उस पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

चार अप्रैल को किया गया तलब

नोटिस के अनुसार, आरिफ को आगामी चार अप्रैल को 11 बजे उप प्रभागीय वन अधिकारी रणवीर मिश्रा के समक्ष उपस्थित हो कर बयान दर्ज कराने को कहा गया है।

सिंह ने बताया कि 21 मार्च को आरिफ के घर से वन विभाग की टीम ने सारस को अपने कब्जे में लेकर रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा था जिसे कानपुर चिड़ियाघर भेज दिया गया है।

घायल सारस की आरिफ ने की थी मदद

गौरतलब है कि अमेठी जिले में जामो थाना क्षेत्र के मंडखा गांव के निवासी आरिफ को करीब एक साल पहले खेत में एक घायल सारस पड़ा मिला था। उसकी टांग टूटी थी। आरिफ ने उसे अपने घर पर लाकर उसका इलाज किया था। पूरी तरह से ठीक होने के बाद सारस वहां से जाने के बजाय आरिफ के साथ ही रहने लगा था और वह उसी के साथ खाता पीता भी था। इसके अलावा वह आरिफ के पीछे-पीछे चलता था। इसके कई वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पांच मार्च को दोनों से मिलने के लिए अमेठी आए थे।

End of Article