UP Nagar Nikay Chunav 2023 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के शहरी निकाय चुनाव में लोगों से कमल खिलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों की समृद्धि एवं राज्य के तेजी से विकास के लिए 'ट्रिपल इंजन' की सरकार की जरूरी है। बता दें कि यूपी में नगर निकाय चुनाव की तारीखों का रविवार को ऐलान हो गया। प्रदेश के 760 नगरीय निकायों में कुल 14684 पदों के लिए दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। वोटिंग दो चरणों 4 और 11 मई को होगी और चुनाव नतीजे 13 मई को आएंगे।
उत्तर प्रदेश में दो चरणों में होंगे नगर निकाय चुनाव।
आदर्श देश के रूप में उभरा भारत-सीएम योगी
हिंदुस्तान फर्टिलाइजर्स एवं केमिकल्स लिमिटेड ग्राउंड में 1046 करोड़ रुपए की 258 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए सीएम ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और भारत दुनिया के लिए एक आदर्श देश के रूप में उभरा है। भारत में विरासत को सम्मान मिलता है। जनकल्याणकारी योजनाएं हर एक गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और जरूरतमंद तक पहुंच रही हैं। राज्य में हर कोई सुरक्षित है।'
1990 में बंद हो गई थी गोरखपुर की फर्टिलाइजर फैक्टरी
आदित्यनाथ ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में भी हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। बीते छह वर्षों में राज्य की आधारभूत संरचना में काफी तेजी से सुधार हुआ है। कोई भी अपराधी अब सिर ऊंचा करके नहीं चल सकता। माफिया एवं गैंगस्टर के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई हो रही है। गोरखपुर चार और छह लेन की सड़कों से जुड़ चुका है। यहां एम्स जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थान खुल चुके हैं। आज जिस फर्टिलाइजर फैक्टरी में यह कार्यक्रम हो रहा है, यह कारखाना 1990 में बंद हो चुका था लेकिन अब यह अपनी पूरी क्षमता के साथ चल रहा है।'
डिप्सी सीएम मौर्य ने कहा-चुनाव में भाजपा जीतेगी
नगर निकाय चुनाव के लिए अधिसूचना जारी किए जाने के बाद राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इन चुनावों में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि ‘भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार’बनाने के लिए पार्टी को जनता का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने नारा दिया, ‘विपक्ष मुद्दा विहीन, जनता से बहुत दूर- सुशासन के लिए कमल का फूल।’
कुल 14,684 पदों पर चुनाव होंगे
उत्तर प्रदेश में इस बार 760 नगरीय निकाय चुनाव के अन्तर्गत कुल 14,684 पदों पर चुनाव होंगे। इसमें 17 महापौर, 1420 पार्षद, नगर पालिका परिषदों के 199 अध्यक्ष, नगर पालिका परिषदों के 5327 सदस्य, नगर पंचायतों के 544 अध्यक्ष और नगर पंचायतों के 7178 सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनाव होगा।
