UP Budget 2024: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज सोमवार को यूपी का बजट पेश किया। यह यूपी के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। योगी सरकार ने इस साल 7.36 लाख करोड़ का बजट पेश किया है। इस बजट में सबसे बड़ी सौगात प्रदेश की राजधानी लखनऊ को मिलने वाली है। दिल्ली की तर्ज पर लखनऊ में भी एयरो सिटी को विकसित किया जाएगा। एयरो सिटी को 1500 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इसमें 7 स्टार होटल, पार्क, विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर जैसी सुविधायें उपलब्ध होंगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर जोर
योगी सरकार ने सोमवार को अपना 8वां बजट पेश किया है। वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए यूपी का बजट 7 लाख 36 हजार 437 करोड़ 71 लाख रुपये हैं। इस बजट में 24 हजार करोड़ की नई योजनाएं भी शामिल हैं। यूपी सरकार ने अपने बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर जोर दिया है। साथ ही कई जिलों के विकास का मार्ग भी प्रशस्त किया है। इस बजट में तमाम जिलों के विकास का प्लान शामिल है। इसके अलावा बजट का फोकस महिलाओं, युवाओं, गरीबों और किसानों पर भी किया गया है।
रोपवे सेवा के लिए 100 करोड़ का बजट
बजट में लखनऊ में एयरो सिटी विकसित करने का भी ऐलान किया गया है। जिसमें शॉपिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स, विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर आदि सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा लखनऊ विकास क्षेत्र और प्रदेश के समस्त विकास प्राधिकरणों के विकास क्षेत्र तथा नगर क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं का विकास तथा वाराणसी एवं अन्य शहरों में रोपवे सेवा विकसित करने के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।
