UP Assembly Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) के शिवपाल यादव और उनके भतीजे अखिलेश यादव की हंसी-ठिठोली के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें करारा जवाब दिया। पूर्व सीएम अखिलेश के चाचा से तंज कसते हुए दो टूक कहा कि आपको यही इमला अपने भतीजे को पढ़ाना था, मगर उसने आपकी बात सुनी ही नहीं।
दरअसल, शुक्रवार (11 अगस्त, 2023) को लखनऊ स्थित यूपी विधानसभा में सीएम योगी किसानों पर अपनी बात रख थे। इस बीच, शिवपाल ने चुटकी लेते हुए कहा, "इन्हें जल्दी शपथ दिला दीजिए, वरना ये हमारे साथ आ जाएंगे।" सदन में इसके बाद जोर के ठहाके लगे और योगी भी मुस्कुराने लगे।
हालांकि, पलटवार में योगी आगे बोले- अगर आपने यह इमला सत्ता में रहते हुए भतीजे को पढ़ा दिया होता तब संभवतः कुछ अन्नदाता किसानों का हित हो जाता, मगर वह तो आपकी सुनने को तैयार ही नहीं है।
शिवपाल इस बात पर खुद को बोलने से रोक न सके और उठकर कहने लगे, "यह तो इंजीनियर हो गए। फिर सीएम बने।" आगे अखिलेश ने मजाकिया लहजे में कहा- सीएम को भी पढ़ाई कर देनी चाहिए। कुछ ट्यूशन ले लीजिए आप इनसे।
हालांकि, योगी इसके बाद फिर सीरियस हुए और अपनी बात रखने लगे। देखिए, आगे क्या हुआ:
योगी ने इसके अलावा अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा होते हैं, वे किसानों और दलितों की समस्याएं नहीं समझ पाते हैं। योगी के मुताबिक, साल 2024 ही नहीं, 2027 और 2032 में भी उनकी सरकार रिपीट होगी। 2024 में जीत का फैसला तो गुरुवार (10 अगस्त, 2023) को ही लोकसभा में हो गया। यूपी में भी 2027 और 2032 में यही सरकार आने वाली है।
