UP Aaj Ka Mausam, 25 December 2024: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दिसंबर के महीने के अंत में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस संबंध में ताजा अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि होने की संभावना है। इससे शीतलहर की स्थिति और गहरा सकती है।
घने कोहरे का अलर्ट
इससे पहले, 25 और 26 दिसंबर को राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यूपी के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हापुड़, मेरठ, बागपत, अलीगढ़, बुलंदशहर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर समेत कई अन्य जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 27 दिसंबर के बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है।
अयोध्या में सबसे कम तापमान
लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार को उत्तर प्रदेश में फतेहपुर में सबसे अधिक ठंड रही। यहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम तापमान अयोध्या में रहा।
