लखनऊ

हाथरस में दो नाबालिग बहनों की गला रेतकर हत्या, माता-पिता पर भी जानलेवा हमला

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आई है। एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो चचेरी बहनों की गला रेतकर हत्या कर दी और पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से अपने चाचा-चाची पर भी जानलेवा हमला कर दिया।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक युवक ने कथित तौर पर गला रेत कर अपनी दो चचेरी बहनों की हत्या कर दी और पूरे परिवार को खत्म करने के इरादे से अपने चाचा-चाची पर भी जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि निर्मम हत्या की यह घटना हाथरस के सदर कोतवाली क्षेत्र में आशीर्वाद धाम कॉलोनी में बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात हुई।

दो चचेरी बहनों की हत्या

अधिकारियों ने बताया कि विकास ने कथित तौर पर अपनी दो चचेरी बहनों सृष्टि (14) और विधि (छह) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसने अपने चाचा छोटे लाल गौतम और चाची वीरांगना उर्फ गौरी पर भी हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में गौतम और गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

संदेह जताया जा रहा है कि संभवत: पारिवारिक विवाद में विकास ने हमला किया, हालांकि पुलिस ने कहा कि हत्या का स्पष्ट कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। मूलरूप से फतेहपुर के निवासी छोटेलाल मीतई स्थित जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज में व्याख्याता हैं और इन दिनों अपनी पत्नी तथा बेटियों के साथ आशीर्वाद धाम कॉलोनी में रह रहे थे।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, पिछले एक साल से लकवाग्रस्त होने के कारण गौतम बिस्तर पर रहते हैं। हाथरस के पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि गौतम का भतीजा विकास अपने एक साथी के संग 22 जनवरी की रात करीब नौ बजे उनके घर आया। उन्होंने कहा, ‘‘खाना खाने के बाद वे सभी सोने चले गए। रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच विकास और उसके साथी ने धारदार हथियारों से परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें गौतम की दोनों बेटियों की मौत हो गई और दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।’’

गौरी के चिल्लाने पर हमलावर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर अन्य किराएदार और पड़ोसी इकट्ठा हुए तथा पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दंपति को जिला अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘गौतम और उनकी पत्नी जीवित हैं लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। गौरी के बयान के अनुसार, उनकी बेटियों पर विकास ने हमला किया। प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’ कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि विकास अक्सर गौतम के परिवार से मिलने आता रहता था।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article