Lucknow Traffic Diversion: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इन्वेस्टर्स समिट और जी-20 सम्मेलन के चलते वीवीआईपी मूवमेंट वाले पांच रूटों पर आठ दिन के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। राजधानी में यह डायवर्जन नौ से 16 फरवरी तक रोजाना सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे कार्यक्रम खत्म होने तक रहेगा। इसके साथ ही शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। मंगलवार को इस संबंध में ट्रैफिक विभाग की तरफ से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग ने शहरवासियों से कार्यक्रम के दौरान इन मार्गों पर जाने से बचने की अपील भी की गई है। डीसीपी ट्रैफिक रईस अख्तर के अनुसार, 10 फरवरी को सुबह सात बजे से कार्यक्रम के खत्म होने तक लालबत्ती चौराहे से अहिमामऊ तक वनवे ही रहेगा। इस दौरान लालबत्ती चौराहे से अहिमामऊ की तरफ तो वाहन जा सकेंगे, लेकिन दूसरी तरफ से लालबत्ती चौराहे की ओर वहान नहीं आ सकेंगे।
लखनऊ में आठ दिन रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक विभाग ने उन रास्तों का भी विवरण जारी किया है, जहां सामान्य ट्रैफिक भी प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, सामान्य ट्रैफिक के वैकल्पिक रास्तों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। डीसीपी ट्रैफिक रईस अख्तर का कहना है आम लोग खुद वैकल्पिक रास्ते तलाश कर गंतव्य तक जाएंगे।
