सांकेतिक फोटो
Basti House Caught Fire: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हरैया कस्बे में रविवार तड़के एक घर में आग लग गई। जिससे एक महिला और उसके दो बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई। महिला के पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना हरैया थाना क्षेत्र के सराफा मंडी की है जहां सुनील केसरवानी के तीन मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। उसने बताया कि घर के अंदर अचेत अवस्था में मिले सुनील, उनकी पत्नी पूजा (30), उनकी बेटी सौरभी (चार) तथा तीन माह के बेटे बाबा को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों ने पूजा और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया जबकि सुनील को बेहतर उपचार के लिए अयोध्या रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें - West Bengal Fire: बनगांव में आग में जलकर 9 दुकानें खाक; घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
चिकित्सक डॉ. नंदलाल यादव ने बताया कि कमरे में ज्यादा धुआं भरने के कारण दम घुटने से मौत हुई है क्योंकि किसी के शरीर पर झुलसने के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसने बताया कि आग संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। लखनऊ (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।