उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली पर अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। यूपी में अब दो दिनों तक सार्वजनिक अवकाश रहेगा। राज्य सरकार ने दिवाली के अगले दिन भी अवकाश घोषित करने का फैसला किया था, जिसका शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद अब उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर के साथ ही एक नवंबर को भी सरकारी अवकाश रहेगा।
पहले कैसी थी छुट्टी की व्यवस्था?
बता दें कि उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में छुट्टियों को लेकर भारी असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पहले बेसिक विद्यालयों में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के अवसर पर छुट्टियां घोषित की गई थी, जबकि माध्यमिक विद्यालयों में सिर्फ 30 और 31 अक्टूबर को ही छुट्टी थी और एक नवंबर (शुक्रवार) को माध्यमिक विद्यालय खुलने का आदेश जारी हुआ था, जबकि दो नवंबर को गोवर्धन पूजा के कारण फिर से छुट्टी रहेगी।
सभी को हुई थी परेशानी
छुट्टियों में इस तरह के विरोधाभास के कारण शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी परेशान थे। शिक्षक इस बात से असंतुष्ट थे कि बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में छुट्टियों के अलग-अलग मानदंड क्यों अपनाए जा रहे हैं। वहीं, छात्रों और अभिभावकों को भी इस बात को लेकर भ्रम है कि उन्हें किस विद्यालय के अनुसार छुट्टियां मनानी चाहिए।
एक नवंबर को यूपी में सार्वजनिक अवकाश
इसी बीच, योगी सरकार ने एक नवंबर को पूरे यूपी में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा करके कर्मचारियों, अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों को बड़ी राहत दी है।
