लखनऊ

बहराइच में रूह कंपाने वाली घटना, तहसीलदार की गाड़ी ने बाइक सवार को मारी टक्कर, 30 किमी तक घसीटा शव

बहराइच में तहसीलदार की सरकारी गाड़ी ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार का शव गाड़ी में फंसकर 30 किमी दूर तक घसीटकर चला गया। इस हादसे में गाड़ी के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही जिलाधिकारी ने गाड़ी में बैठे नायब तहसीलदार के निलंबन की भी सिफारिश की है।

Image

बहराइच में रोड एक्सीडेंट

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नानपारा के तहसीलदार की सरकारी गाड़ी ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी और शव को कथित तौर पर 30 किलोमीटर तक घसीटा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार हलदार (35) के रूप में हुई है, जो पयागपुर का रहने वाला था। वह अपनी भतीजी को छोड़ने के बाद घर लौट रहा था, तभी बृहस्पतिवार शाम नानपारा-बहराइच मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। हलदार का शव गाड़ी में फंस गया और काफी दूरी तक घसीटता हुआ नानपारा तहसील पहुंचा।

तहसीलदार के निलंबन की सिफारिश

जिलाधिकारी मोनिका रानी ने गाड़ी में बैठे नायब तहसीलदार शैलेश अवस्थी के निलंबन की सिफारिश की है। पुलिस ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कर सरकारी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) वृंदा शुक्ला ने बताया, ‘‘मृतक नरेंद्र हलदार तथा तहसीलदार के वाहन चालक मेराज अहमद के मोबाइल सीडीआर के जरिए उनके लोकेशन ट्रैक किए गये तो इस बात की पुष्टि हो गयी कि शव को 30 किलोमीटर घसीट कर नानपारा ले जाया गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये घोर लापरवाही है, इतना भारी शव 30 किलोमीटर तक वाहन में फंसा रहा और किसी को पता ना लगा हो, यह कैसे संभव है? हो सकता है डर के कारण गाड़ी ना रोकी गयी हो।’’

गाड़ी का ड्राइवर गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि वाहन चालक मेराज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच हेतु दुर्घटनास्थल के निकट व 30 किलोमीटर रूट के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि ‘‘बाइक से गाड़ी टकराने की बात संज्ञान में आई है। नायब तहसीलदार के अनुसार उनको घटना की जानकारी नहीं हुई। मामले में नायब तहसीलदार के निलंबन की संस्तुति की गयी है।’’

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article