लखनऊ: राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक शोरूम में बालश्रम कराने का मामला सामने आया है। नाबालिग शोरूम में सफाई का काम करता था। लेकिन, शुक्रवार की शाम सफाई के दौरान लिफ्ट में उसका पैर फंस गया, जिससे किशोर की मौत हो गई। आरोप है कि लिफ्ट में किशोर को फंसा देख साथी मौके से भाग गए, जिससे समय से राहत बचाव कार्य नहीं हो सका।
लखनऊ में लिफ्ट में फंसने से किशोर की मौत
पुलिस के अनुसार परिजनों ने मृतक की उम्र 15 वर्ष बताई है। किशोर का नाम शरद राजवंशी है। अशोक लीलैंड की बिल्डिंग में वह काम करता था। वह छोटा हाथी के शोरूम में काम करता था। सुपरवाइजर पर बाल मजदूरी कराने के आरोप के आधार पर कार्रवाई की बात चल रही है। परिवार के मुताबिक सुबह 03 बजे से किशोर लिफ्ट में फंसा हुआ था। लिफ्ट में फंसे होने के बावजूद स्टाफ के लोग मौके से भाग निकले थे।
