समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान करीब 23 महीने बाद आज सीतापुर जेल से रिहा हो रहे हैं। उनकी रिहाई को लेकर समर्थकों में जश्न का माहौल है। सुबह से ही जेल के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थक जुटे हुए हैं। आजम खान रिहाई के बाद अपने परिवार के साथ रामपुर जाएंगे। स्वास्थ्य कारणों से वे कुछ दिनों तक आराम करेंगे। आजम खान के सपा छोड़ने या बसपा ज्वाइन करने की अटकलों पर समर्थकों ने साफ किया है कि वे समाजवादी पार्टी के साथ रहेंगे।
आजम खान के बेटे भी मिलने पहुंचे
आजम खान की रिहाई की प्रक्रिया आज सुबह शुरू होगी। आजम खान से मिलने के लिए उनके बेटे अदीब आजम भी मंगलवार सुबह सीतापुर जेल पहुंचे। हालांकि उन्हें जेल के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। मीडिया से बचते हुए अदीब ने सिर्फ इतना कहा कि उनके पिता आज के हीरो हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी उनसे मिलना चाहता था लेकिन फिलहाल संभव नहीं हो पाया। यह उनके चाहने वालों और पूरे प्रदेश के लिए खुशी का दिन है।
समर्थकों ने कहा- बाबा साहेब के संविधान पर पूरा भरोसा
जेल के बाहर जुटे उनके समर्थकों ने आजम खान की रिहाई पर कहा 'देर आए दुरुस्त आए', उन्हें बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान पर पूरा भरोसा है। उनके समर्थकों ने बसपा ज्वाइन करने के सवाल पर कहा कि यह सब अफवाह है। अखिलेश यादव और सपा परिवार ने मुश्किल समय में उनका साथ दिया है, इसलिए आजम खान समाजवादी पार्टी में ही बने रहेंगे।
