लखनऊ

शाहजहांपुर में सड़क दुर्घटना: पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, आइसक्रीम खाने गए चाचा-भतीजे की मौत

शाहजहांपुर में ईद का चांद निकलने के बाद आइसक्रीम खाने गए चाचा-भतीजा की मोटरसाइकिल एक पिकअप वाहन से टकरा गई। इस हादसे में दोनों चाचा-भतीजा की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौके से फरार पिकअप वाहन के चालक की तलाश की जा रही है।

Image

पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को मारी टक्कर

Shahjahanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार एक 35 वर्षीय युवक और 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि यह दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे में घायल चाचा-भतीजे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिवार को मामले की सूचना दे दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में मातम पसर गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

आइसक्रीम खाने गए चाचा-भतीजे की मौत

पुलिस के अनुसार युवक रविवार शाम ईद का चांद निकलने पर भतीजे को आइसक्रीम खिलाने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के निवासी दानिश (35) का पांच वर्षीय भतीजा अजहर हुसैन ईद का चांद निकलने के बाद आइसक्रीम खाने की जिद करने लगा, जिसके बाद वह भतीजे को मोटरसाइकिल से ले जा रहा था।

उन्होंने बताया कि जब दानिश गर्रा पुल के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी जिसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पिकअप वाहन का चालक घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article