Badaun News: उत्तर प्रदेश में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। नोएडा और बलिया के बाद अब बदायूं जिले से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक सात वर्षीय लड़की के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म करने की कोशिश की और उसके बाद उसकी हत्या कर दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश फिर हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम सात साल की एक बच्ची सब्जी खरीदने बाजार गई थी और वहां से अचानक लापता हो गई। उसके बाद परिजनों उसकी तलाश की। रात में समय बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में एक खंडहर मकान में मिला। परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस के कई दल गठित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि इस मामले को सुलझाने के लिए रात में ही एसओजी समेत कई पुलिस दलों को लगाया गया था। रात में ही आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान जाने आलम (22) के रूप में हुई और उसकी तलाश शुरू की गई।
मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी
शनिवार सुबह चार बजे बीनपुर रोड पर मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान जाने आलम (22) के रूप में हुई है और मुठभेड़ के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। इस मुठभेड़ में मनोज नाम का एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया। मृतक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी जाने आलम ने एक खंडहर हो चुके मकान में लड़की के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की और जब लड़की चिल्लाने लगी, तो उसने पहले लड़की के सिर को दीवार पर कई बार मारा और फिर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। एसएसपी ने यह भी बताया कि आरोपी के पास से एक अवैध देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही उसने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। सिंह ने बताया कि लड़की के साथ दुष्कर्म जैसी कोई घटना नहीं हुई है। केवल दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि बाकी की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मिल पाएगी।
(इनपुट - भाषा)
