Akhilesh Yadav on BJP: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में आवारा पशुओं की समस्या पर सोमवार को राज्य की भाजपा सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पूछा, 'छुट्टा पशुओं के लिए भाजपा सरकार स्पष्टीकरण दे, भाजपा शासन में कितने लोग छुट्टा पशुओं की वजह से मारे गये या घायल हुए। छुट्टा पशुओं के कारण जिनकी मौत हुई, उनमें से कितनों को मुआवजा दिया गया और कितना दिया गया?' हालांकि ये पहली बार नहीं है जब अखिलेश ने योगी सरकार पर अन्ना मवेशियों के मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। ऐसा कई बार हो चुका है और समय-समय सपा अध्यक्ष इस संबंध में एक्स पर पोस्ट करते ही रहते हैं।
क्या बोले अखिलेश
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए पूछा कि, “जो गौशालाएं खोली गयीं हैं उनमें कुल कितने छुट्टा पशु हैं, गौशालाओं के काम का आंकलन कब किया गया और उसके क्या परिणाम निकले? अधिकतर गौशालाओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के ख़िलाफ़ क्या कार्रवाई की गयी? इस समस्या से निपटने के लिए नियुक्त किये गये अधिकारियों ने क्या किया। चुनाव के बाद इस समस्या का 15 दिन में समाधान निकालने की जो बात की गयी थी वह वचन था या जुमला ?”
विधानसभा में भी उठा था मुद्दा
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान, भाजपा नेताओं ने सरकार बनने के 15 दिनों के भीतर, आवारा पशुओं की समस्या का समाधान निकालने का वादा किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उस चुनाव में इस समस्या का जिक्र किया था। दरअसल, अखिलेश ने अयोध्या से समाचार की एक रिपोर्ट को शेयर किया था। हालांकि ये मुद्दा अखिलेश यादव सदन में भी कई बार उठा चुके हैं, तब प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें तगड़ा जवाब मिला था।
