Raebareli Road Accident: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में भीषण हादसा हो गया। रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर ओवरटेक करते समय कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो किशोरियों की मौत हो गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस से ओवरटेक कर रही थी कार
पुलिस ने बताया कि रविवार को अमेठी के कीरियावां के निवासी हरिहर सिंह (55), काव्या सिंह (15), धाव्या सिंह (16), किशन सिंह(15), प्रतापगढ़ के सांगीपुर लखरा निवासी अनुज सिंह (49) और साक्षी सिंह (15) किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में मालिन का पुरवा गांव के पास उनकी कार के चालक ने आगे जा रही बस से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। हादसे में साक्षी और काव्या की मौत हो गई और घायल चार अन्य लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया गया। किशोरियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
(इनपुट - भाषा)
