लखनऊ

थूक लगाकर रोटी बनाने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया, होटल पर जड़ा ताला

उत्तर प्रदेश में बाराबंकी पुलिस ने थूक लगाकर रोटी बनाने वाले शख्स को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी सामने आएगा उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Image

रोटी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : Twitter

बाराबंकी : पिछले कुछ समय से ऐसे सिरफिरों की कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जो गंदी हरकत करके लोगों के खाने को दूषित करते हैं। कभी रोटी पर थूक लगाकर परोसा जाता है तो कभी चाय में थूककर और कभी पेशाब से खाना बनाया जाता है। ऐसे सिरफिरों पर पुलिसिया कार्रवाई भी होती है, लेकिन ये लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे।

ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में भी सामने आया था। बाराबंकी के सुढ़ियामऊ कस्बे में थूक लगाकर रोटी बनाने के आरोप में एक होटलकर्मी को हिरासत में लेकर होटल को बंद करा दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बुधवार को बाराबंकी में बताया कि राम नगर थानाक्षेत्र के सुढ़ियामऊ कस्बे में एक होटल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कथित रूप से थूक लगाकर रोटी बनाते हुए दिख रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने इरशाद नामक इस व्यक्ति को मंगलवार को हिरासत में ले लिया है। सिन्हा ने बताया कि पुलिस ने उस होटल को भी बंद करा दिया है, रोटियों को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और बागपत समेत कई जिलों में भी ऐसी घटनाएं सामने आयी हैं।

Input - PTI

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article