लखनऊ

lakhimpur kheri News: लखीमपुर खीरी में एक किलो मेफेड्रोन जब्त, नेपाल से लाकर भारत में बेचते थे आरोपी, दो गिरफ्तार

Lakhimpur kheri News: लखीमपुर खीरी में पुलिस ने दो आरोपियों को एक किलो मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से मिला मेफेड्रोन की कीमत 10 करोड़ रुपये तक आंकी जा रही है।

Image

लखीमपुर खीरी में एक किलो मेफेड्रोन जब्त

Lakhimpur kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक किलो मादक पदार्थ कब्जे में लिया गया। यूपी पुलिस द्वारा मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) और पुलिस की एक विशेष टीम ने सदर कोतवाली क्षेत्र में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलोग्राम मादक पदार्थ मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया। पुलिस ने बताया कि मेफेड्रोन की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों ग्राहकों को मादक पदार्थ देने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस आरोपियों के साथियों की तलाश में लगी हुई है।

मादक पदार्थ के साथ दो लोग गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, शनिवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के सैधारी गांव के पास छापा मारकर एक निजी अस्पताल रॉयल केयर मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा जारी बयान में खीरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा के हवाले से बताया गया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान खीरी जिले के राकेश विश्वकर्मा और विक्रम सिंह के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि इस संबंध में सदर कोतवाली पुलिस में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और अन्य आरोपियों का पता लगाने का प्रयास जारी है। उत्तर प्रदेश एएनटीएफ ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पड़ोसी देश नेपाल से सस्ते दामों पर मेफेड्रोन की तस्करी करने की बात कबूली है, जिसे वे नेपाल से सटे जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने कबूल किया है कि गिरफ्तारी के दिन वे एक ग्राहक को तस्करी किया गया मादक पदार्थ देने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article