Operation Sindoor: आतंक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए भारत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अब चुप बैठने का समय नहीं रहा। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना की सफल कार्रवाई के बाद पीएम मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों को यह भरोसा दिलाया कि अब भारत अपने आत्मसम्मान, बहनों-बेटियों के सम्मान और संप्रभुता पर किसी भी हमले का माक़ूल जवाब देगा।
पीएम मोदी के संबोधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि यह केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि यह नए भारत की निर्णायक नीति का एलान है। सीएम योगी ने कहा कि जो हमारी माताओं-बहनों के माथे से सिंदूर मिटाने का दुस्साहस करेगा, उसका मिट्टी में मिलना तय है। भारत अब चुप नहीं बैठेगा, हर वार का जवाब हमारी शर्तों पर होगा। सेना को नमन और प्रधानमंत्री का राष्ट्रवादी नेतृत्व के लिए अभिनंदन। हम भारतवासियों के लिए राष्ट्र ही सर्वोपरि रहेगा।
