लखनऊ

उत्तर प्रदेश में BJP ने अलग होगी निषाद पार्टी? पंचायत चुनाव अकेले लड़ने का संजय निषाद ने किया ऐलान

निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद ने मझवार, तुरहा, तारमाली, पासी, शिल्पकार सहित 17 उपजातियों को अनुसूचित जाति में परिभाषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन उपजातियों को तत्काल अन्य पिछड़े वर्ग की श्रेणी से हटाकर अनुसूचित जातियों में शामिल किया जाए।

Image

निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद (फोटो- @mahamana4u)

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मत्स्य पालन मंत्री संजय कुमार निषाद ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य के आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी। निषाद ने यहां एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी को जमीनी स्तर पर अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करनी है और पंचायत चुनाव संगठन के विस्तार का सर्वोत्तम मंच है।

भाजपा से गठबंधन विधानसभा-लोकसभा में

निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन केवल विधानसभा और लोकसभा तक सीमित है। पंचायत चुनावों में निषाद पार्टी अपने जनाधार को सशक्त करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘हर गांव, हर वार्ड, हर बूथ पर निषाद पार्टी का झंडा लहराना है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों की सफलता 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की निर्णायक भूमिका तय करेगी। उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले साल मई में होने की संभावना है।

जातिगत जनगणना पर क्या बोले संजय निषाद

जातिवार जनगणना और अनुसूचित जातियों के अधिकारों पर निषाद ने कहा कि जातिवार जनगणना केवल आंकड़ों की नहीं बल्कि हक़ और प्रतिनिधित्व की लड़ाई है। उन्होंने जोर दिया कि जब तक मछुआरा समुदाय के सदस्यों की सही संख्या दर्ज नहीं होगी तब तक उन्हें योजनाओं में उचित भागीदारी नहीं मिलेगी। निषाद ने मझवार, तुरहा, तारमाली, पासी, शिल्पकार सहित 17 उपजातियों को अनुसूचित जाति में परिभाषित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इन उपजातियों को तत्काल अन्य पिछड़े वर्ग की श्रेणी से हटाकर अनुसूचित जातियों में शामिल किया जाए। मंत्री ने कहा कि मत्स्य योजनाओं में अनुसूचित जातियों को उत्तर प्रदेश में 60 फीसद अनुदान का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने ‘मछुआ विज़न डॉक्यूमेंट’ को सरकारी नीति के रूप में लागू करने की मांग भी उठाई।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article