लखनऊ

बाराबंकी से बहराइच के बीच बनेगा यूपी का पहला डिजिटल हाईवे, लखनऊ से नेपाल का रास्ता होगा आसान

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) यूपी में पहला डिजिटल हाईवे बनाने जा रहा है। ये बाराबंकी से बहराइच तक का ये हाईवे 101 किलोमीटर का होगा। फिलहाल इस रूट पर जो हाईवे है उसे चौड़ा करके फोर लेन करने के साथ डिजिटल तकनीकी से लैस करने की भी योजना बनाई गई है। उम्मीद है कि 2028 तक ये हाईवे तैयार हो जाएगा।

Image

यूपी का पहला डिजिटल हाईवे बनने को तैयार

परिवहन मंत्रालय ने साल 2024 में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की तरह देशभर में 10 हजार किलोमीटर डिजिटल हाईवे बनाने का ऐलान किया था। इसी योजना के तहक बाराबंकी से बहराइच तक का डिजिटल हाईवे बनाना भी शामिल है।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) लखनऊ से नेपाल तक की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए उत्तर प्रदेश का पहला डिजिटल हाईवे बनाने जा रहा है। 101 किलोमीटर लंबे इस फोर लेन हाईवे को नेपाल बॉर्डर के रुपईडीहा तक बनाने की योजना है।

कैसा होगा ये हाईवे

NHAI के मुताबिक इस हाई-टेक हाईवे पर कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यातायात को दुरुस्त रखा जा सके। इस हाईवे पर एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा। पूरे रास्ते कोई भी ड्राइवर उल्टे साइड गाड़ी नहीं चला पाएगा। पूरे हाईवे पर एक भी कट नहीं होंगे, केवल अंडर ग्राउंड यू-टर्न के कट दिए जाएंगे। इसी के साथ पूरे हाईवे पर AI तकनीक से लैस CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे।

टोल प्लाजा पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जहां लगी स्क्रीन पर हाईवे पर एक्सीडेंट या किसी दूसरी दिक्कतों की जानकारी आ जाएगी। भविष्य में AI और इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल सपोर्ट जैसे हाईटेक फीचर्स जोड़े जाने की भी योजना है।

लखनऊ से नेपाल जाना होगा आसान

फिलहाल लखनऊ से नेपाल जाने में लगने वाला समय 3 से 4 घंटे का है। ऐसी उम्मीद है कि डिजिटल हाईवे बन जाने के बाद ये समय 2 से ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा। लखनऊ से बाराबंकी पहले से ही एनएच-27 से जुड़ा है। बाराबंकी से बहराइच तक करीब 101 किमी की रोड अभी टू-लेन है। अब इस रोड पर ट्रैफिक बढ़ चुका है। ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए डिजिटल हाईवे को फोर-लेन बनाया जाएगा। जो बहराइच के रुपईडीहा तक बनाया जाएगा, जहां से नजदीक ही नेपाल बॉर्डर है।

NH-27 से जुड़ेगा डिजिटल हाईवे

NHAI की ओर से बाराबंकी से बहराइच डिजिटल हाईवे का DPR (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार हो चुका है। अप्रैल महीने में इस पर निर्माण कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इसी साल हाईवे के लिए जमीन का अधिग्रहण करने की भी योजना है। बाराबंकी-बहराइच फोर-लेन हाईवे को लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे-27 से भी लिंक किया जाएगा। इसके लिए बाराबंकी के चैपुला के पास फ्लाईओवर बनाकर लखनऊ-अयोध्या हाईवे को जोड़ा जाएगा।

तीन फेज में पूरा होगा काम

NHAI ने इसका सर्वे पूरा कर लिया है। इसके रास्ते से बिजली के खंभों और पेड़ों को हटाने की मंजूरी ली जा चुकी है। पहले चरण में बाराबंकी से बहराइच तक का ही फोर-लेन बनेगा। दूसरे चरण में इसे रुपईडीहा तक बढ़ाया जाएगा।

पूरी परियोजना तीन फेज में बांटी गई है। पहला फेज 31 किलोमीटर का होगा, जो बाराबंकी से रामनगर तक होगा। दूसरा फेज 20 किलोमीटर का होगा, जिसमें एक पुल भी बनेगा। ये रामनगर के घाघरा ब्रिज और चौकाघाट होते हुए जरवल तक होगा। तीसरा फेज जरवल से आगे मुस्तफाबाद और बहराइच तक का होगा, जो 50 किमी का हिस्सा होगा। तीनों के लिए अलग-अलग टेंडर मांगे जाएंगे। उम्मीद है कि 2028 तक ये हाईवे तैयार कर लिया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article