लखनऊ

ज्ञानवापी को मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा, मुस्लिम समाज अपनी गलती सुधारे, बोले सीएम योगी

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 31, 2023, 11:42 AM IST

सीएम योगी ने कहा कि हम ज्ञानवापी विवाद का समाधान चाहते हैं। इस मामले में मुस्लिम समाज को अपनी गलती मानते हुए सामने आना चाहिए।

Image

(File photo)

Photo : ANI

Gyanvapi Case: ज्ञानवापी मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि इस मामले पर मुस्लिम समाज को आगे आकर गलती सुधारनी चाहिए। साथ ही कहा कि हम मामले का समाधान चाहते हैं। उन्होंने इस मामले पर कुछ अहम सवाल भी उठाए। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि हम विवाद का समाधान चाहते हैं। इस मामले में मुस्लिम समाज को अपनी गलती माननी चाहिए।

ज्ञानवापी को मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा

सीएम ने कहा कि अगर ज्ञानवापी को मस्जिद कहेंगे तो विवाद होगा। ज्ञानवापी की दीवारें चिल्लाकर क्या कह रही है, भगवान ने जिसे आंखें दी हैं, वह देखे। ज्ञानवापी में देव प्रतिमाएं हमने तो नहीं रखी हैं। त्रिशूल मस्जिद में क्या कर रहा है। हम विवाद का समाधान चाहते हैं। प्रस्ताव मुस्लिम समाज से आना चाहिए कि ज्ञानवापी पर मुस्लिम समाज से गलती हुई है, उसे अपनी गलती माननी चाहिए।

सर्वे पर 3 अगस्त तक रोक

बता दें कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के एएसआई सर्वेक्षण पर लगी रोक को गुरुवार तीन अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। अदालत के आदेश के दौरान एएसआई के वाराणसी केंद्र के अपर निदेशक आलोक त्रिपाठी भी अदालत में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि एएसआई की टीम किसी भी तरह से ढांचे को क्षतिग्रस्त नहीं करेगी।

एएसआई के अधिकारी ने बताया कि एएसआई की टीम विवादित परिसर में नहीं है और अदालत के आदेश के बगैर सर्वेक्षण का कोई काम नहीं किया जाएगा। उच्च न्यायालय ने वाराणसी में स्थित ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में सर्वेक्षण के खिलाफ अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद कमेटी की अपील पर सुनवाई कर रही थी।

बता दें, बीते शुक्रवार को वाराणसी की जिला अदालत ने ज्ञानवापी परिसर के वैज्ञानिक सर्वे को अनुमति दे दी थी। हालांकि, कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप में कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जिस वजूखाने वाले इलाकों को सील किया गया है, वहां पर किसी भी प्रकार का सर्वे नहीं किया जाएगा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी सर्वे पर रोक लगा दी थी।

दरअसल, अप्रैल 2022 में दिवानी न्यायाधीश (सीनियर डिवीजन) की अदालत ने ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के सर्वेक्षण का आदेश दिया था। मुस्लिम पक्ष के विरोध के बीच सर्वेक्षण अंततः मई 2022 में पूरा हुआ था। इसी दौरान हिंदू पक्ष ने मस्जिद परिसर के अंदर वजू के लिए बने तालाब में शिवलिंग मिलने का दावा किया था, वहीं मुस्लिम पक्ष ने इसे फव्वारा बताया था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article