लखनऊ

पीलीभीत में ब्लैकमेल से परेशान होकर नाबालिग ने उठाया खौफनाक कदम, तेजाब पीकर जान देने की कोशिश

यूपी के पीलीभीत में एक नाबालिग लड़की ने छेड़छाड़ और ब्लैकमेल से परेशान होकर तेजाब पीकर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के सुनगढ़ी कोतवाली पुलिस इलाके में कथित तौर पर छेड़छाड़ से आहत एक किशोरी ने तेजाब पीकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी दीपक चतुर्वेदी ने शनिवार को मीडिया को बताया कि शिकायत मिली कि एक नाबालिग लड़की से बीते दिनों छेड़छाड़ की गई और फिर घटना के दौरान का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। इसी से आहत होकर उसने घर पर रखा तेजाब पी लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार

सीओ ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इनमें से एक आरोपी दूसरे समुदाय का है। बरेली के अस्पताल में भी पुलिस भेजी गई है और वहां भर्ती पीड़िता की हालत खतरे से बाहर है। कोतवाली सुनगढ़ी पुलिस के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने शनिवार को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी साढ़े सत्रह वर्षीय छोटी बहन 23 नवंबर को गांव में ही जा रही थी, तभी रास्ते में कपड़े की दुकान पर काम करने वाले एक युवक ने उसकी बहन को रोक कर उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। आरोपी के साथी ने इसका मोबाइल से वीडियो बना लिया।

ब्लैकमेल से परेशान हुई नाबालिग

इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए नाबालिग को ब्लैकमेल करने लगे। घटना के बारे में किसी को बताने पर लड़की को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक इससे आहत पीड़िता ने शुक्रवार देर शाम घर में रखा तेजाब (टॉयलेट क्लीनर) पी लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया।

लड़की को भेजा गया अस्पताल

सुनगढ़ी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पवन कुमार पांडेय ने पुलिस बल के साथ दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की एक टीम पीड़िता के इलाज की व्यवस्था कराने व देखरेख के लिए बरेली के अस्पताल भेजी गई है, किशोरी की हालत पुलिस ने खतरे से बाहर बताई है।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article