Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मंगलवार को एक विक्षिप्त महिला ने अपनी ही 2 साल की बच्ची की चाकू से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मामला बबीना थाना क्षेत्र के न्यू पंप हाउस इलाके का है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि बबीना थाना क्षेत्र के न्यू पंप हाउस इलाके में पूर्वाह्न करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने एक महिला को हाथ में खून से सना चाकू लेकर घर से बाहर निकलते देखकर पुलिस को सूचना दी।
दो साल की बच्ची की हत्या
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि महिला ने अपनी ही ढाई साल की बच्ची की चाकू मारकर हत्या कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद महिला भी घायल पाई गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि महिला के पति की करीब दो साल पहले मौत हो गयी थी, जिसके बाद से ही उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
मामले को लेकर कानूनी कार्यवाही जारी
उन्होंने बताया कि घटना किन परिस्थितियों में हुई इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और मामले के संबंध में अभी तक किसी से कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
(इनपुट-भाषा)
