लखनऊ

UP: घर की औरत का बाहरी लड़के से था चक्कर, लोगों ने प्रेमी को बुलाकर मार डाला; शव को नहर में फेंका

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर कस्बे के 28 वर्षीय युवक की कथित रूप से प्रेम प्रसंग के कारण गला रेतकर हत्या कर दी गई, और उसके गुप्तांगों को भी क्षत-विक्षत कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में गुरुवार को जानकारी दी।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर कस्बे के निवासी 28 वर्षीय युवक की कथित तौर पर प्रेम प्रसंग की वजह से गला रेतकर हत्या कर दी गई और उसके गुप्तांगों को क्षत-विक्षत कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। मुजम्मिल का शव बुधवार को बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के बरकापुर में एक नहर के पास बंधा हुआ मिला। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

गुमशुदगी की प्राथमिकी हुई थी दर्ज

बरेली के पुलिस क्षेत्राधिकारी (तृतीय) देवेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘बीसलपुर से लापता हुए मुजम्मिल का शव बीसलपुर और इज्जतनगर पुलिस ने संयुक्त अभियान के बाद बरामद कर लिया। बीसलपुर में दर्ज गुमशुदगी की प्राथमिकी को हत्या के मामले में बदल दिया गया है और आगे की जांच बीसलपुर पुलिस करेगी।’’

क्षत-विक्षत शव बरामद

इज्जतनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बुधवार को बरकापुर गांव में नहर के पास एक शव के बारे में सूचना मिली। उन्होंने बताया, ‘‘हमारी टीम ने नहर के पास झाड़ियों से मुजम्मिल का क्षत-विक्षत शव बरामद किया। पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि गला रेतकर उसकी हत्या की गई और उसके गुप्तांग भी क्षत-विक्षत थे।’’

वारदात में इस्तेमाल कार बरामद

बीसलपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक ने बताया कि शव और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया, ‘‘पीलीभीत के रिछौला गांव के दो संदिग्ध अरहान और उसके दोस्त गुड्डू को हिरासत में लिया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या, संदिग्धों के परिवार की एक महिला के साथ मुजम्मिल के कथित प्रेम प्रसंग के कारण शुरू हुई रंजिश का नतीजा है।’’

घर से निकलते ही हुआ था लापता

मुजम्मिल के पिता शमसुद्दीन के मुताबिक उनका बेटा एक मोबाइल टावर कंपनी में काम करता था और मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शमसुद्दीन ने आरोप लगाया, ‘‘जब हमने उसे कॉल करने की कोशिश की, तो उसका फोन बंद था। हमने बीसलपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मुजम्मिल का कुछ लोगों के साथ झगड़ा था और मुझे संदेह है कि वे ही उसकी हत्या के लिए जिम्मेदार हैं।’’

आरोपी ने कबूला जुर्म

बीसलपुर पुलिस के निरीक्षक (अपराध) विनोद कुमार शर्मा ने खुलासा किया, ‘‘अरहान और गुड्डू ने हत्या की बात कबूल कर ली है। मुजम्मिल का कथित तौर पर अरहान के परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग था, जिसके कारण पहले भी उनके बीच विवाद हुआ था।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘बदला लेने के लिए संदिग्धों ने बीसलपुर इलाके में मुजम्मिल की हत्या की, उसके शव को बांधकर कार में बरेली ले गए और वहां फेंक दिया।’’ पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article