Ayodhya News: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार की शाम को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में आईसीयू में एडमिट किया गया है। उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
लखनऊ से पहले ग्वालियर में भर्ती
अस्पताल द्वारा सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, महंत नृत्य गोपाल दास को आठ सितंबर की शाम साढ़े छह बजे मेदांता अस्पताल में पेशाब की समस्या एवं कम आहार लेने की समस्या के चलते डॉक्टर दिलीप दुबे की निगरानी में आईसीयू में भर्ती किया गया है। बुलेटिन में बताया गया कि दास का पिछले कुछ दिनों से ग्वालियर में उपचार किया जा रहा था मगर स्थिति में सुधार नहीं होने के चलते उन्हें मेदांता अस्पताल लाया गया। उनकी स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। मेदांता लखनऊ की मेडिकल विशेषज्ञों की टीम उनके बेहतर इलाज के लिए निरंतर प्रयासरत है।
2019 से खराब है स्वास्थ्य
महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा रही संस्था श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। महंत नृत्य गोपाल दास 24 अगस्त को अयोध्या से मथुरा गए थे। वे मथुरा में कृष्ण जन्माष्टमी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। इसके बाद वे ग्वालियर चले गए थे। जहां उनकी तबियत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराय गया। उनकी तबियत में कोई सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ लाया गया है। बता दें कि महंत नृत्य गोपाल दास की तबियत 2019 से ही कऱाब चल रही है। चार सालों से उनका इलाज चल रहा है।
(इनपुट - भाषा)
