Lucknow Weather Update: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बर्फीली हवाओं ने लगातार तीसरे दिन लोगों को कांपने के लिए मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिन-रात के तापमान में मामूली बढ़त हुई। लेकिन शुष्क पछुआ हवाओं की वजह से यह अंतर महसूस नहीं किया गया। अभी एक दो दिन मामूली राहत मिलेगी, लेकिन माह के अंत में यानी नए साल पर तापमान फिर नीचे जाएगा। उधर, कोहरे के कारण रेल परिचालन पर भी प्रभाव पड़ा। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें देरी से अपने गंतव्य पर पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लखनऊ में बर्फीली हवाओं से कांपे लोग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बुधवार को धूप में मामूली तेजी दिखाई दी थी। लेकिन उच्च हिमालयी इलाकों से होकर आ रही पछुआ हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। दिन में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
कोहरे के कारण कई घंटे देरी से आईं ट्रेनें
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा की गति में थोड़ी कमी आने के कारण तापमान में थोड़ी बढ़त हुई है। 30 से 31 दिसंबर के बीच दिन और रात का तापमान फिर नीचे जाएगा। इससे ठंड में इजाफा होगा। कोहरे का भी असर दिखाई दे सकता है। संभावना है कि घना कोहरा रहे। उधर, ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। बुधवार को करीब एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें देरी से चलीं। ठंड के बीच लोग कई घंटे ट्रेन का इंतजार करते रहे। हिमगिरी एक्सप्रेस 11 घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा किसान एक्सप्रेस 9 घंटे, नौचंदी एक्सप्रेस 04 घंटे, बेगमपुरा एक्सप्रेस 09 घंटे, दून एक्सप्रेस 05 घंटे, गोरखधाम 04 घंटे, अमृतसर-हावड़ा साढ़े पांच घंटे और कामाख्या करीब तीन घंटे देरी से पहुंची।
साल के आखिरी दिन इतना रह सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का अनुमान है। जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक रह सकता है। इसके अलावा, शनिवार को साल के आखिरी दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके साथ ही दोनों दिन मध्यम कोहरा रह सकता है। लखनऊ में कोहरा रहने और हवा की गति धीमी होने से प्रदूषण फिर बढ़ने लगा है। लालबाग और तालकटोरा इलाके रेड जोन में पहुंच गए।
