Lucknow Accident News: लखनऊ में कैंट क्षेत्र के बनिया चौराहे के पास शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार थार ने ई-ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे ऑटो पलट गया और थार ने ऑटो सवार 8 लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। इस हादसे के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसमें ऑटो पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर गए।
लखनऊ में भीषण सड़क हादसा
ऑटो में सवार थे 8 लोग
जानकारी के अनुसार, ई-ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे, जो गोमती तट स्थित खाटू श्याम मंदिर से निगोहां स्थित घर लौट रहे थे। कैंट के बनिया चौराहे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने ई-ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और सवार सड़क पर गिर गए। इस हादसे में ई-ऑटो चालक उमेश साहू (26) और मोहित कुमार (25) की मौत हो गई। ऑटो में सवार आयुष यादव, अंश यादव, प्रमोद, अनुज, सुमित और भूपेन्द्र इस हादसे में घायल हो गए।
पुलिस ने थार को कब्जे में लिया
मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत सभी घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने ई-ऑटो चालक समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों आयुष, अंश, प्रमोद, अनुज, सुमित और भूपेन्द्र का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने थार को कब्जे में ले लिया है और नंबर प्लेट के आधार पर चालक की तलाश जारी है।
