Lucknow Metro: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सूबे की राजधानी लखनऊ में मेट्रो के विस्तार की घोषण कर दी है। अब चारबार से बसंतकुंज वाया चौक एक नया फेज होगा और आईआईएम -पीजीआई तक जाएगा। दरअसल, ये फैसला मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान हुआ है। सीएम ने राजधानी लखनऊ की आवश्यकता के लिए लखनऊ मेट्रो के विस्तार के निर्देश देते हुए इसे राजधानी की जरूरत बताया। उन्होंने लखनऊ, आगरा और कानपुर मेट्रो की समीक्षा बैठक के बीच ये भी कहा कि, निजी क्षेत्र मेट्रो सेवाओं के विस्तार को लेकर बेहद उत्साहित है इसलिए हमें उनका सहयोग लेना चाहिए।
लखनऊ मेट्रो और सीएम योगी।
डीपीआर बनाकर होगी प्रस्तुत
सीएम योगी ने चारबाग से चौक होते हुए वसंतकुंज तक मेट्रो के नए फेज बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने और अंडरग्राउंड/एलिवेटेड की उपयुक्तता के परीक्षण के निर्देश भी दिए। बताया गया है कि, कुछ ही समय में डीपीआर बनकर इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।
पीपीपी मोड पर करें विचार
सीएम ने लखनऊ मेट्रो को एक ओर आईआईएम तक और दूसरी ओर एसजीपीजीआई तक बढ़ाए जाने आदेश दिए। वहीं, उन्होंने कहा कि, प्राइवेट सेक्टर की कई कंपनियां सहयोगी करना चाहती हैं। इसलिए आवश्यक है कि, हम पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर विचार करें। मेट्रो परिसर में में व्यावसायिक गतिविधियों को और प्रोत्साहन देने की भी आवश्यकता है। वहीं, इन सबके अलावा उन्होंने पैसेंजर सर्विस और सुरक्षा पर भी चर्चा की।
निर्धारित समय में काम पूरा हो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि, लखनऊ मेट्रो के विस्तार का काम निर्धारित समय में ही पूरा किया जाए और सभी मानकों का सख्ती से पालन हो। योगी ने भूमिगत मेट्रो परियोजनाओं के कार्य के दौरान सुरक्षा प्रबन्ध सुनिश्चित करने की बात भी की। सीएम ने कहा है कि, जनहित के किसी प्रोजेक्ट के लिए कोई धनाभाव नहीं है, धनराशि समय पर जारी हो और संवाद-समन्वय के साथ तय समय में काम पूरा हो। सीएम ने गौतमबुद्ध नगर, 17 नगर निगमों में इलेक्ट्रिक बसों और ई-रिक्शा को प्रोत्साहित करने के बारे में भी चर्चा की।
