प्यार और दुश्मनी में सबकुछ वाजिब है... (Everything Is Fair In Love And War) ये अंग्रेजी की वो मशहूर कहावत है। जिसे शायद आज की जेनेरेशन कुछ अलग ही चश्मे से देख रही है। विदेशी लड़की और लड़के से इश्क लड़ाने का सिलसिला इन दिनों चरम पर है। अभी सीमा और अंजू का मसला सुलझा ही नहीं कि इसी कड़ी में एक लखनऊ के लड़के को लंदन की एक लड़की से मोहब्बत हो गई। मगर इस बार वैसा कुछ नहीं हुआ, जो सीमा और अंजू के केस में हुआ था। बल्कि लंदन की लड़की ने लखनऊ के लड़के के साथ ऐसा किया जिससे वो कुछ भी बोलने के लायक नहीं रहा। दरअसल, लखनऊ के एक युवक की दोस्ती लंदन की एक महिला से हुई, वो चक्कर फंस गया और उसके साथ 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी हो गई।
प्यार के चक्कर में 'लंदन की लड़की' ने साढ़े तीन लाख लूटे। (तस्वीर- Freepik)
प्यार के चक्कर में लंदन की लड़की ने लूटा
इन दिनों सरहद पार प्यार खोजने का खुमार लोगों के सिर पर चढ़ा हुआ है। इसी चक्कर में लखनऊ के एक लड़के को लंदन की लड़की ने साढ़े तीन लाख रुपये का चूना लगा दिया। उसने अपनी शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात तो ये है कि अंकित गुप्ता नाम के इस लड़के से आरोपी लड़की ने अपना नाम बोरिस जॉनसन बताया था।
'बोरिस जॉनसन' ने लड़के से लाखों ठगे
अंकित गुप्ता नाम का ये युवक लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रहने वाला है। जिसका कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि बोरिस जॉनसन ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री का नाम है। अंकित ने बताया कि इंस्टाग्राम पर एक रिक्वेस्ट आई थी, उसने खुद को ब्रिटेन का निवासी बताया और अपना नाम बोरिस जॉनसन बताया। उसने बताया था कि वो लंदन में रहती है और भारत में एक हॉस्पिटल खोलना चाहती है। अस्पताल के लिए उसे जल्द से जल्द एक जमीन खरीदनी है और जमीन देखने वो भारत आएगी। युवक को उसकी इस बात पर भरोसा हो गया।
ऐसे लगाया लखनऊ के लड़के को चूना
अक्सर चैट पर कथित लंदन की लड़की और लखनऊ के लड़के की बातचीत हो जाती थी। इस बीच अचानक एक दिन अंजान नंबर से अंकित के पास कॉल आई। दूसरे साइड से एक लड़के की आवाज थी, जिसमें खुद को एयरपोर्ट का कस्टम ऑफिसर रवि वर्मा बताया। उसने अंकित से कहा कि बोरिस जॉनसन नाम की एक विदेशी लड़की एयरपोर्ट पर पकड़ी गई है, जिसके मोबाइल से आपका नंबर मिला है। उसके पास भारी तादाद में पाउंड है, क्या आप उसे जानते हैं? अंकित ने खुद को रोक नहीं पाया और तुरंत बताया कि हां मैं उसे जानता हूं।
लड़की को छुड़ाने के लिए दिए लाखों
अंकित ने बताया कि उसे कॉल करने वाले रवि नाम के शख्स ने लड़की को छोड़ने की एवज में साढ़े तीन लाख रुपये खाते में जमा करवा लिए। जब तक उसे ये पता चला कि उसके साथ तो कांड हो गया है, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसने इसी के बाद अपनी शिकायत पुलिस के पास जाकर दर्ज कराई। मोहब्बत ने इन दिनों लोगों से सारी हदें पार करवा दी हैं। अब एक लड़की के चक्कर में लुटने का नया मामला आया है।
