उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में दो दिन पहले अपने साथियों के साथ चार करोड़ रुपये की कीमत के तांबे का तार लूटने और ट्रेलर चालक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया था। रविवार को अधिकारी ने बताया कि इस मामले की जांच करते हुए कोखराज थाना पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार बदमाशों से मुठभेड़ शनिवार की रात हुई और मारे गये व्यक्ति की पहचान जौनपुर के निवासी संतोष उर्फ राजू (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी राजू के साथ वारदात को अंजाम देने वाले अन्य दो लोगों की भी पहचान कर ली है। जल्द से जल्द दोनों आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।
गुजरात से प्रयागराज जा रहे ट्रेलर में चोरी
पुलिस ने बताया कि गुजरात के वलसाड जिले से चार करोड़ रुपए कीमत के तांबे की तार लाद कर प्रयागराज जा रहे ट्रेलर से तांबे के तार की चोरी करने पहुंचे राजू और उसके दो साथियों के चोरी करने की नीयत से ट्रेलर चालकर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया गांव के सामने सर्विस रोड पर एक युवक का शव पड़ा मिला था, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने बताया कि बाद में कोखराज थाना क्षेत्र से सूचना मिलने के बाद एक व्यक्ति वहां पहुंचा और बताया कि शव उसके भाई साबरमल मीणा (40) का है। मीणा राजस्थान के अजमेर का निवासी था। पुलिस ने कहा कि मीणा ट्रेलर का मालिक था तथा वह स्वयं ट्रेलर चलाता था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह गुजरात के वलसाड जिले से रेलवे के उपयोग के लिए चार करोड़ रुपये कीमत का तांबे का तार लाद कर प्रयागराज जा रहा था। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले तक मीणा की अपने घर वालों से बातचीत हुई थी और उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया था। मृतक के भाई सागर मीणा की तहरीर के आधार पर पुलिस मामला दर्ज करके जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार देर रात लगभग एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग थाना क्षेत्र में स्थित ककोढ़ा गांव के सामने एक कार में पांच व्यक्ति बातचीत कर रहे हैं और वहीं पर तांबे के तार से लदा ट्रेलर भी खड़ा था।
मुठभेड़ में मारा गया ट्रेलर चालक की हत्या का आरोपी
पुलिस ने वहां पहुंचकर पांचों को हिरासत में ले लिया था, जिनमें से चार व्यक्ति लूटे गए चार करोड़ रुपये के तांबे के तार का आधे दाम यानी दो करोड़ में सौदा करने वाले थे। एसपी ने बताया कि आरोपी राजू ने पुलिस को बताया कि ट्रेलर चालक की हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल उसने ककोढ़ा गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियां में फेंक दी थी। पुलिस उसे लेकर पिस्तौल बरामद करने जा रही थी तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य व एक उपनिरीक्षक को गोली लगी लेकिन दोनों ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, इस वजह से उन्हें कोई चोट नहीं लगी। कुमार ने बताया कि पुलिस की जवाबी गोलीबारी में आरोपी राजू के सीने में गोलियां लगी और उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि ट्रेलर चालक की हत्या में शामिल राजू के दो अन्य साथियों का नाम पता मालूम हो गया है और शीघ्र उनकी भी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
