लखनऊ

​Aligarh: पहले घसीटा फिर बेरहमी से पीटा, पुलिस की बर्बरता से आहत महिला ने दी जान; आक्रोशित ग्रामीणों ने की इंसाफ की मांग

Aligarh: यूपी के अलीगढ़ में पुलिस प्रताड़ना से आहत एक महिला ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज करने की और महिला के परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बार फिर पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। यहां एक महिला को घसीटा गया और फिर उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस की इस बर्बरता से आहत निर्दोष महिला ने घर के पास एक पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आक्रोश प्रकट करते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। जिसके बाद दादों थाने के प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया।

निर्दोष महिला के साथ पुलिस की बर्बरता

बताया जा रहा है कि थाना दादों ने महिला के भाई राकेश को पकड़ने के लिए उसके घर पर दबिश मारी थी। लेकिन जब महिला का भाई राकेश नहीं मिला तो वह महिला को थाने ले गए। पुलिस ने सरेआम महिला के साथ मारपीट की उसे घसीटा और उसके दुर्व्यवहार किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने राकेश की बहन लक्ष्मी देवी के थाने जाने पर मना करने पर उसे घसीटकर गाड़ी में बैठाया। थाने में उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी के भाई राकेश रात एक बजे दादों थाने के लहरा गांव में अपने कुछ साथियों के साथ आया और तमंचे के बल पर एक महिला को अपने साथ ले गया। राकेश ने वहां विरोध करने पर दो-तीन अन्य महिलाओं के साथ मारपीट भी की। राकेश का महिला को घसीटकर ले जाते हुए सीसीटीवी भी सामने आया है। महिला के परिजनों ने थाना दादों में राकेश के खिलाफ महिला को ले जाने, मारपीट लूटपाट इत्यादि की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर थाना दादों की पुलिस राकेश की तलाश में जुट गई। राकेश जब नहीं मिला तो थाना दादों पुलिस ने उसके परिवार के अन्य लोगों की जानकारी की। उसके बाद घर में दबिश के दौरान पुलिस राकेश की बहन लक्ष्मी को उठाकर थाने ले गई और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।

दुर्व्यवहार से आहत महिला ने किया सुसाइड

जानकारी के अनुसार, गांव के लोगों के दादों थाने में पहुंचने पर पुलिस ने महिला को छोड़ दिया। साथ ही अगले दिन सुबह 10 बजे थाने में पेश होने के लिए भी कहा गया। महिला इस पूरी घटना से बूरी तरह से डरी हुई थी। घर पहुंचने के बाद इस घटना से आहत महिला ने पास के एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिवार के लोगों ने पेड़ से महिला के शव को लटका देखा तो पुलिस की सूचना दी गई। आत्महत्या की सूचना मिलने पर थाना पाली मुकीमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की आत्महत्या की सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। गुस्साए ग्रामीणों को शांत करने के लिए और उन्हें समझाने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंची। लोगों को बताया कि थाना प्रभारी दादो योगेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है और जांच के बाद निलंबित कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। साथ ही मुआवजा दिलाने की बात की। जिस पर परिजन मान गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी के खिलाफ होगी कार्रवाई

मामले पर सीओ धनंजय ने बताया कि दिनांक 29-3- 25 को ग्राम हरनौत थाना पाली मुकीमपुर से एक महिला की आत्महत्या की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस व फील्ड टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के संबंध में साक्ष्य एकत्रित किए गए। पंचायत नामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेजा गया। मृतक के परिजनों के द्वारा लगाए गए आरोपों के क्रम में थाना अध्यक्ष दादों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। तकनीकी और भौतिक साक्ष्य के आधार पर जांच कार्यवाही प्रचलित की गई है। जांच के उपरांत अग्रिम विधिक अनुशात्मक कार्यवाही एवं दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article